
आशुतोष ठाकुर, रायपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में उत्साह का माहौल है। इसी कड़ी में लोरमी खंड के गोंडखाम्ही मंडल में संघ का विजयदशमी उत्सव एवं पथ संचलन कार्यक्रम बड़े ही धूमधाम से संपन्न हुआ। इस अवसर पर संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश और अनुशासन के साथ भव्य पथ संचलन किया। स्वयंसेवक जब ग्राम भ्रमण पर निकले तो पूरे गांव में उत्सव जैसा वातावरण दिखाई दिया। ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा और आतिशबाजी के जरिए संचलन का स्वागत किया।

संचलन के बाद कार्यक्रम स्थल पर भारत माता, परम पूज्य भगवाध्वज और शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री झरोखादास अनंत जी ने की, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. विनोद तिवारी जी, प्रसिद्ध अस्थिरोग विशेषज्ञ एवं संचालक, संजीवनी हॉस्पिटल बिलासपुर उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने कदम से कदम मिलाकर देशभक्ति गीत के सांथ पथ संचलन में भाग लिए। जहां सभी पूर्ण गणवेश में नजर आए।

इस अवसर पर अपने उद्बोधन में डॉ. विनोद तिवारी ने विजयदशमी उत्सव के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संघ निर्माण की प्रेरणा, कार्यपद्धति और संघ द्वारा 100 वर्षों में किए गए राष्ट्र निर्माण के कार्यों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने संघ के शताब्दी वर्ष में चल रहे पांच प्रमुख विषयों, सामाजिक समरसता, स्व का भाव, कुटुंब प्रबोधन, नागरिक कर्तव्यबोध एवं पर्यावरण संरक्षण पर भी विस्तारपूर्वक चर्चा की। इस आयोजन में ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया जहां पूरे कार्यक्रम में उत्साह, अनुशासन और राष्ट्रभाव की झलक देखने को मिली।




