छत्तीसगढ़बिलासपुररायपुर

स्वच्छ रेल-स्वच्छ भारत: रायपुर मंडल में स्वच्छ रेलगाड़ी थीम पर चला विशेष अभियान

आशुतोष ठाकुर, रायपुर. भारतीय रेलवे “स्वच्छ रेल – स्वच्छ भारत” अभियान के तहत देशभर में स्वच्छता पखवाड़ा मना रही है। इसी क्रम में रायपुर मंडल में भी 01 अक्टूबर से 15 अक्टूबर तक स्वच्छता पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है। आज पखवाड़े के पांचवें दिन, “स्वच्छ रेलगाड़ी” थीम पर मंडल के सभी छोटे और मध्यम स्टेशनों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान मंडल के नामित अधिकारियों के नेतृत्व में रेलवे कर्मचारियों और सफाई मित्रों ने मिलकर गहन साफ-सफाई की। प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय, शौचालय, कार्यालय, शेड, डिपो और रेलवे ट्रैक तक हर जगह सफाई सुनिश्चित की गई।

सभी OBHS ट्रेनों में विशेष निरीक्षण किया गया, जहां अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम ने ट्रेन की स्वच्छता की जांच की और यात्रियों से फीडबैक भी प्राप्त किया। स्टेशन परिसरों में गीले और सूखे कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए गए और यात्रियों को इनके उपयोग की जानकारी दी गई।

वाणिज्य विभाग द्वारा उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से यात्रियों को प्लास्टिक का उपयोग न करने, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने और स्टेशन की स्वच्छता बनाए रखने का निरंतर संदेश प्रसारित किया गया। इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को न केवल स्वच्छ रखना है, बल्कि यात्रियों और नागरिकों में पर्यावरण संरक्षण और जन-जागरूकता का संदेश देना भी है।

Related Articles

Back to top button