
आशुतोष ठाकुर, मुंगेली. लोरमी नगर पालिका ने जल कर वसूली में सख्ती दिखाते हुए बकायेदारों पर नकेल कसना शुरू कर दिया है। नगर पालिका द्वारा तय अंतिम तिथि 8 अक्टूबर तक जिन उपभोक्ताओं ने जल कर जमा नहीं किया, उनके खिलाफ अब नल कनेक्शन काटने की कार्यवाही की जा रही है। कार्रवाई के पहले दिन जल विभाग की टीम ने विभाग प्रमुख कमलाकांत कश्यप के नेतृत्व में 12 बड़े बकायादारों के नल कनेक्शन काट दिए। नगर पालिका का कहना है कि लंबे समय से कई उपभोक्ताओं द्वारा जल कर की राशि जमा नहीं की जा रही थी, जिसके चलते यह कदम उठाना पड़ा।

मुख्य नगरपालिका अधिकारी चन्दन शर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे तत्काल अपने बकाया का भुगतान करें, ताकि जल आपूर्ति में किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं के सहयोग से ही नगर में नियमित जल आपूर्ति और अन्य सेवाएं बेहतर तरीके से जारी रह सकती हैं।
नगर पालिका ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज किया जाएगा। ऐसे में सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया गया है कि वे समय पर अपना जल कर जमा करें।




