Newsछत्तीसगढ़राजनीतीरायपुर

महापौर मीनल चौबे ने अपने पोस्टर क्यों खुद हटवाए, जानिए वजह?

आशुतोष ठाकुर, रायपुर. दीपावली के पहले राजधानी रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने स्वच्छता और जिम्मेदारी का अद्वितीय उदाहरण पेश किया। जीई रोड पर स्वयं पोस्टर हटवाकर उन्होंने संदेश दिया कि नेतृत्व केवल आदेश देने में नहीं, बल्कि खुद उदाहरण प्रस्तुत करने में होता है। महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जोन और वार्डों में सफाई की सतत मॉनिटरिंग हो, गंदगी तुरंत हटाई जाए और फ्लैक्स-फ्री जोन व्यवहारिक रूप से लागू किया जाए। यह कदम सिर्फ सफाई का नहीं, बल्कि नागरिकों के लिए जिम्मेदार और जागरूक नेतृत्व की मिसाल बन गया। राजधानी रायपुर की महापौर मीनल चौबे और आयुक्त विश्वदीप ने आज दीपावली से पहले स्वच्छता और व्यवस्था की नई मिसाल पेश की। दोनों अधिकारी दल-बल के साथ जीई रोड पर उतरे और सफाई व्यवस्था का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान महापौर मीनल चौबे ने न केवल अधिकारियों को निर्देश दिए, बल्कि स्वयं अपने जन्मदिन के बधाई पोस्टर को भी हटवाया। उन्होंने टीम प्रहरी से कहा स्वच्छ शहर की शुरुआत हमें खुद से करनी होगी। जो संदेश हम जनता से अपेक्षा करते हैं, पहले उसे खुद अपनाना चाहिए। इस मौके पर आयुक्त विश्वदीप ने सभी जोन कमिश्नरों और स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि दीपावली पूर्व, दौरान और पश्चात सफाई व्यवस्था में कोई ढिलाई न रहे। उन्होंने कहा कि हर वार्ड की सफाई निरंतर मॉनिटर की जाए और कचरा या गंदगी दिखते ही तुरंत कार्रवाई की जाए।

महापौर ने दिए स्वच्छता के संदेश

महापौर ने जीई रोड को फ्लैक्स-फ्री जोन घोषित करते हुए कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर लगाना न केवल सौंदर्य बिगाड़ता है, बल्कि नागरिक चेतना पर भी असर डालता है। उन्होंने रविशंकर विश्वविद्यालय से लेकर मरीन ड्राइव तक सभी अनधिकृत पोस्टर हटवाने का अभियान तत्काल शुरू करने का निर्देश दिया। इस निरीक्षण में अपर आयुक्त विनोद पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणिग्रही, जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, अरुण ध्रुव, खीरसागर नायक, राजेश्वरी पटेल, कार्यपालन अभियंता डी.के. पैकरा, सुशील मोडेस्टस, शेखर सिंह, लाल महेन्द्र प्रताप सिंह, आशुतोष सिंह, अतुल चोपड़ा, उप अभियंता नीतीश झा, तथा जोन स्वास्थ्य अधिकारी खेमलाल देवांगन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।  इस दौरान महापौर मीनल चौबे ने कहा दीपावली स्वच्छता और उजास का पर्व है। हर नागरिक को चाहिए कि अपने घर के साथ अपने शहर को भी दीपों की तरह स्वच्छ और सुंदर बनाए।

Related Articles

Back to top button