उत्सवछत्तीसगढ़रायपुर

वृद्धाश्रम में गूँजी खुशियों की रौशनी: मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बुजुर्गों संग मनाई खास दीवाली

आशुतोष ठाकुर, रायपुर. दीपावली के अवसर पर महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने माना रायपुर स्थित वृद्धाश्रम पहुँचकर वहाँ निवासरत वरिष्ठ नागरिकों के साथ दीप पर्व की खुशियाँ साझा कीं। उन्होंने स्वयं दीप जलाकर कार्यक्रम की शुरुआत की और बुजुर्गों को मिठाई, नए वस्त्र व उपहार प्रदान किए। स्नेहिल संवाद के दौरान उन्होंने कहा हमारे वरिष्ठ नागरिक समाज की अमूल्य धरोहर हैं, उनके अनुभव और आशीर्वाद से ही समाज की नींव मजबूत होती है।

वृद्धाश्रम दीपों और रंगोलियों से सजा था, जहाँ मंत्री राजवाड़े ने बुजुर्गों संग दीये जलाकर ममता और अपनत्व का दीप प्रज्वलित किया। उन्होंने आश्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को बुजुर्गों की देखभाल में किसी प्रकार की कमी न होने के निर्देश दिए।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार वृद्धजनों के सम्मान और सुख-समृद्धि के लिए वृद्धजन सेवा योजना, पेंशन सुविधा, स्वास्थ्य जांच शिविर और मानसिक-सामाजिक परामर्श केंद्र जैसी योजनाओं का संचालन कर रही है। मंत्री राजवाड़े ने युवाओं से भी अपील की कि दीवाली केवल दीपों का नहीं, बल्कि संवेदनाओं और संबंधों का पर्व है  अपने आसपास के बुजुर्गों से मिलें, उनका आशीर्वाद लें और उन्हें अपनत्व का अहसास कराएँ।

Related Articles

Back to top button