
आशुतोष ठाकुर. लोरमी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण अंचल के लिए बड़ी खुशखबरी है। जहां राज्य शासन ने राम्हेपुर–पथर्रा–डिंडोरी मुख्य मार्ग के निर्माण को मंजूरी दे दी है। लगभग 40 करोड़ 24 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाएगा। यह सड़क बोड़तरा से डिंडोरी तक करीब 16 किलोमीटर तक फैली होगी, जिससे लोरमी के ग्रामीण इलाकों को कोटा–पंडरिया–कवर्धा मुख्य मार्ग से सीधा संपर्क मिल जाएगा।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क बनने से आवागमन और व्यापार दोनों में सुविधा होगी। कृषि उत्पादों की बिक्री और परिवहन आसान होगा। इस स्वीकृति को लेकर पूरे अंचल में खुशी की लहर है। ग्रामीणों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और लोरमी विधायक अरुण साव का आभार जताया है और कहा है कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी।




