1925 से 2025: संघ के शताब्दी वर्ष पर डिंडोरी मंडल में स्वयंसेवकों का पथ संचलन, क्षेत्र में गूंजे देशभक्ति गीत

आशुतोष ठाकुर. मुंगेली जिले के लोरमी खंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र, डिंडोरी मंडल के राम्हेपुर एन में विजयदशमी का पर्व इस बार बेहद खास अंदाज में मनाया गया। छत्रपति शिवाजी महाराज प्रभात शाखा के स्वयंसेवकों ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर विजयदशमी उत्सव का आयोजन किया।

इस मौके पर स्वयंसेवकों ने पारंपरिक गढ़वेश धारण कर पूरे गांव में पथ संचलन किया। कदम से कदम मिलाकर देशभक्ति गीतों के साथ निकले इस संचलन में शस्त्र पूजन भी किया गया और राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरणा लेने का संकल्प दोहराया गया।

खास बात यह रही कि इस अवसर पर नन्हे-मुन्ने स्वयंसेवक भी पूरे उत्साह और जोश के साथ शामिल हुए। बता दें कि संघ की स्थापना वर्ष 1925 में हुई थी और अब अपने 100 वर्ष पूरे कर रहा है। इसी शताब्दी वर्ष के अंतर्गत लोरमी खंड के डिंडोरी मंडल में यह आयोजन हुआ।




