
आशुतोष ठाकुर, रायपुर. गरियाबंद से बड़ी खबर सामने आई है। विलुप्त प्रजाति के वन्यजीवों की तस्करी का पर्दाफाश करते हुए देवभोग पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के मुताबिक़, पुलिस ने खुटगांव चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान एक सफेद मारुति K10 कार को रोका। जब कार की डिक्की खोली गई तो बोरी में बंद एक ज़िंदा सालखपरी (Pangolin) मिला, जिसका वजन करीब 9 किलो बताया जा रहा है।

पुलिस ने तुरंत तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया, जिनमें ओडिशा के दो तस्कर और देवभोग का एक स्थानीय सहयोगी शामिल हैं। जांच के दौरान एक बाइक से करीब 6.13 किलो सालखपरी की छाल भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, जब्त सालखपरी और छाल की कुल अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 70 हज़ार रुपए बताई जा रही है। देवभोग पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई वन्यजीवों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है।




