
आशुतोष ठाकुर, रायपुर. रायपुर पुलिस ने धारदार चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहे आरोपी विकास दास मानिकपुरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पूर्व में आबकारी एक्ट के प्रकरण में जेल जा चुका है। जानकारी के अनुसार, 20 अक्टूबर 2025 को थाना खमतराई को मुखबिर से सूचना मिली कि भनपुरी पाटीदार भवन के पास एक व्यक्ति हाथ में चाकू लेकर लोगों को डराने का प्रयास कर रहा है। तत्काल पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से धारदार चाकू जब्त किया।

आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला दर्ज किया गया और उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। इसको लेकर पुलिस ने कहा कि कार्रवाई तेजी से की गई और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की गई। गिरफ्तार आरोपी में 27 साल के विकास दास पिता बलिदान मानिकपुरी शामिल है जो थाना खमतराई अंतर्गत श्रीनगर इलाके का रहने वाला है। इस पूरे मामले में पुलिस ने तत्परता के साथ तत्काल एफआईआर दर्ज कर आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की है। पुलिस ने कहा कि आगे भी आदतन आरोपियों के खिलाफ लगातार इस तरह के कार्रवाई की जाएगी।



