Newsछत्तीसगढ़बिलासपुररायपुररेलवे

रायपुर रेल मंडल ने दीपावली-छठ के लिए किया विशेष क्राउड मैनेजमेंट, यात्रियों के सुरक्षित और सुगम यात्रा के लिए बढ़ाए इंतजाम

आशुतोष ठाकुर, रायपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल ने दीपावली और आगामी छठ पूजा त्योहारों के अवसर पर यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष तैयारियां की हैं। मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने आज रायपुर स्टेशन पर मीडिया के साथ संवाद में बताया कि त्योहारी सीजन में रेलवे ने यात्रियों की सुगम यात्रा के लिए होल्डिंग एरिया, भीड़ प्रबंधन, खान-पान, और स्पेशल ट्रेन जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की है।

होल्डिंग एरिया और ठहराव की सुविधा
रायपुर स्टेशन पर 6000 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में लगभग 1000 यात्रियों के बैठने की सुविधा वाला होल्डिंग एरिया तैयार किया गया है, जिसमें 600 कुर्सियां, सीसीटीवी कैमरे, एयर कूलर और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है। यात्रियों के लिए खान-पान न्यूनतम दरों पर उपलब्ध है। दुर्ग स्टेशन पर 1000 स्क्वायर मीटर, भाटापारा स्टेशन पर 400 स्क्वायर मीटर और भिलाई पावर हाउस स्टेशन पर 250 स्क्वायर मीटर क्षेत्रफल में होल्डिंग एरिया बनाया गया है। यात्रियों को पानी, टिकट सुविधा, व्हीलचेयर और स्ट्रेचर जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

स्पेशल ट्रेन और टिकटिंग सुविधा
त्योहारों के दौरान रायपुर रेल मंडल से तीन विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं – गाड़ी संख्या 08795 दुर्ग-पटना, 08763 दुर्ग-सुल्तानपुर और 08760 दुर्ग-निजामुद्दीन। इसके अतिरिक्त लगभग आठ अन्य स्पेशल ट्रेनें भी चलेंगी।
टिकटिंग सुविधा को बेहतर बनाने के लिए स्टेशन पर पर्याप्त काउंटर, मोबाइल यूटीएस और 12 एटीवीएम मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं।

यात्री सुरक्षा और मेडिकल सुविधा
रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, स्कैनर और अतिरिक्त सुरक्षा बल की व्यवस्था की है। रायपुर स्टेशन पर 24 घंटे इमरजेंसी मेडिकल रूम और एम्बुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध है।


यात्रियों के निर्बाध प्रवेश के लिए सभी गेटों पर प्रवेश और निकास की व्यवस्था की गई है। बुजुर्ग और दिव्यांग यात्रियों के लिए बैटरी ऑपरेटेड कार की सुविधा भी उपलब्ध है। वाणिज्य कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा और यात्रियों की समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करेगा।

रेलवे अधिकारियों ने प्लेटफार्मों पर भीड़ नियंत्रण, लिफ्ट और एस्केलेटर की सुरक्षा और पार्किंग व्यवस्था पर सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। इसको लेकर मंडल रेल प्रबंधक दयानंद ने मीडिया को बताया कि रेलवे का लक्ष्य यात्रियों की यात्रा को सुरक्षित, आरामदायक और सुविधाजनक बनाना है।

Related Articles

Back to top button